
देहरादून:
राजधानी देहरादून में देर रात एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार 19 मई की रात करीब 9 बजे से 10 बजे के बीच अजबपुर निवासी एक व्यक्ति पर रिस्पना बाइपास फ्लाइओवर के नीचे कुछ अज्ञात लोगों ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने घायल युवक को तत्काल जॉलीग्रांट अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि हमला करने वाले आरोपी घटना के बाद मौके से फरार हो गए। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

परिजनों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
