चमोली। श्री हेमकुण्ड साहिब यात्रा 2026 के दूसरे चरण में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए चमोली पुलिस ने सुरक्षा एवं यात्रा व्यवस्थाओं की निगरानी और तेज कर दी है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने हेमकुण्ड साहिब, घांघरिया और यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं से संवाद कर यात्रा व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया और कठिन परिस्थितियों में ड्यूटी कर रहे पुलिस एवं सुरक्षा बलों के जवानों का उत्साहवर्धन किया।
हेमकुण्ड साहिब गुरुद्वारा में मत्था टेककर लिया आशीर्वाद
पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने गुरुद्वारा श्री हेमकुण्ड साहिब पहुंचकर मत्था टेका और आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने जनपद में सुख-समृद्धि, शांति और जनपदवासियों की खुशहाली की प्रार्थना की।
इस दौरान गुरुद्वारा श्री हेमकुण्ड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के सदस्यों ने एसपी चमोली का स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने पौराणिक श्री लोकपाल लक्ष्मण मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य मनीष से उन्होंने मंदिर और यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।

बढ़ती श्रद्धालु संख्या को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा
हेमकुण्ड साहिब यात्रा के अंतिम चरण में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसे देखते हुए एसपी चमोली ने गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और यात्रा मार्ग की व्यवस्थाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हेमकुण्ड साहिब यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को अनावश्यक परेशानी न हो और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम समय रहते उठाए जाएं।
श्रद्धालुओं से लिया यात्रा व्यवस्थाओं का फीडबैक
गुरुद्वारा परिसर में एसपी चमोली ने मौजूद श्रद्धालुओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान आने वाली परेशानियों, सुरक्षा व्यवस्था तथा पुलिस-प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
श्रद्धालुओं से मिले फीडबैक के आधार पर यात्रा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
घांघरिया पुलिस चौकी का किया निरीक्षण
हेमकुण्ड साहिब पहुंचने से पहले पुलिस अधीक्षक चमोली ने चौकी घांघरिया का निरीक्षण किया। उन्होंने चौकी कार्यालय, बैरक, मैस और परिसर का गहन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
एसपी ने चौकी में तैनात पुलिसकर्मियों और अन्य सुरक्षा बलों के लिए उपलब्ध आवासीय सुविधाओं तथा दैनिक आवश्यकताओं से संबंधित व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। इसके साथ ही चौकी परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति के बारे में भी जानकारी ली।
पुलिस, होमगार्ड, पीआरडी और एसडीआरएफ जवानों से किया संवाद
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों, होमगार्ड, पीआरडी और एसडीआरएफ जवानों का सम्मेलन लिया। उन्होंने जवानों की समस्याएं सुनीं और हेमकुण्ड साहिब यात्रा के दौरान पर्वतीय क्षेत्र में ड्यूटी करते समय सामने आने वाली चुनौतियों के बारे में सीधे जानकारी प्राप्त की।
10 अक्टूबर को श्री हेमकुण्ड साहिब के कपाट बंद होने और संभावित वीवीआईपी आगमन को देखते हुए एसपी चमोली ने संबंधित अधिकारियों को पहले से ही आवश्यक सुरक्षा तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
इस दौरान चौकी घांघरिया में तैनात जवानों को उपहार भी वितरित किए गए।

एसडीआरएफ की आपदा राहत-बचाव तैयारियों की समीक्षा
एसडीआरएफ टीम से संवाद के दौरान पुलिस अधीक्षक ने आपदा राहत एवं बचाव उपकरणों तथा आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों की जानकारी ली।
पर्वतीय क्षेत्र की संवेदनशील भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने जवानों को हर समय सतर्क रहने और किसी भी आपदा या आपात स्थिति में त्वरित रिस्पॉन्स देने के निर्देश दिए। साथ ही सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।
कठिन परिस्थितियों में ड्यूटी कर रहे जवानों के साथ किया रात्रि भोजन
एसपी चमोली ने चौकी में तैनात जवानों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता का स्वयं जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने विषम भौगोलिक परिस्थितियों और कठिन पैदल मार्ग पर पूरी तत्परता के साथ ड्यूटी कर रहे जवानों के साथ बैठकर रात्रि भोजन किया।
उन्होंने कठिन परिस्थितियों में कर्तव्य निभा रहे जवानों की सराहना की और उनके समर्पण एवं कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया।
घोड़ा-खच्चर संचालन और सफाई व्यवस्था की ली जानकारी
एसपी चमोली ने ईको विकास समिति के अध्यक्ष प्रवेंद्र सिंह चौहान से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने हेमकुण्ड साहिब यात्रा मार्ग पर संचालित घोड़ा-खच्चरों और सफाई व्यवस्था से संबंधित जानकारी ली।
इसके अलावा गोविंदघाट और घांघरिया में पवन हंस के अधिकारियों से हेली सेवा के संचालन और उससे जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी भी प्राप्त की। इस दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश से भी उनकी भेंट हुई।
3.65 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं हेमकुण्ड साहिब
इस वर्ष श्री हेमकुण्ड साहिब के कपाट 23 मई 2026 को श्रद्धालुओं के लिए खोले गए थे। यात्रा शुरू होने के बाद से ही पुलिस अधीक्षक चमोली के नेतृत्व में चमोली पुलिस द्वारा श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यात्रा के लिए लगातार प्रभावी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
अब तक देश-विदेश से 3 लाख 65 हजार श्रद्धालु कठिन पहाड़ी मार्ग की चुनौतियों को पार कर श्री हेमकुण्ड साहिब पहुंच चुके हैं और पवित्र गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेक चुके हैं।
श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए यात्रा के दूसरे चरण में चमोली पुलिस द्वारा हेमकुण्ड साहिब यात्रा मार्ग, घांघरिया और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस का उद्देश्य प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित हेमकुण्ड साहिब यात्रा उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर गुरुद्वारा श्री हेमकुण्ड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के मैनेजर मोनू सिंह, चौकी प्रभारी घांघरिया अमनदीप सिंह सहित पुलिस, प्रशासन और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
