
डोईवाला। डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गड़ूल, शिलाचौकी में कुछ दिन पूर्व हुई भारी वर्षा के चलते तेज बहाव से क्षतिग्रस्त हुए मुख्य मार्ग के पुल का आज भाजपा के व्यवसायिक प्रकोष्ठ, प्रदेश सह-संयोजक पवन सैनी ने निरीक्षण किया।
पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों की समस्या के समाधान एवं आवागमन को सुचारु बनाने के उद्देश्य से ग्राम प्रधान श्री धर्मेंद्र रावत एवं पीडब्ल्यूडी विभाग के सहयोग से अस्थायी पुल के निर्माण कार्य की शुरुआत की गई है।

पवन सैनी ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से कार्य की प्रगति और आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान पवन सैनी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि विकास कार्यों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सुविधाएं और सुगम आवागमन उपलब्ध कराया जाए।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान श्री धर्मेंद्र रावत एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्री सर्वेश रावत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
