
देहरादून, 8 मार्च 2026
हर्रावाला क्षेत्र में रविवार को भव्य विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सनातन सेवा समिति, वार्ड 97 हर्रावाला (देहरादून) के तत्वावधान में ट्विंकल फार्म, हर्रावाला में संपन्न हुआ। सम्मेलन का उद्देश्य समाज में सनातन संस्कृति, धर्म और सामाजिक एकता को मजबूत करना बताया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 10:00 बजे दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद 10:30 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें स्थानीय कलाकारों और युवाओं ने अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

सम्मेलन में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
सम्मेलन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के देहरादून विभाग प्रचारक श्री धनंजय जी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में सनातन धर्म की महत्ता, राष्ट्र निर्माण में समाज की भूमिका और सामाजिक समरसता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि समाज को संगठित होकर सनातन संस्कृति के संरक्षण और राष्ट्र के विकास के लिए निरंतर कार्य करना चाहिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता हर्रावाला स्थित लक्ष्मण सिद्ध मंदिर के महंत भारत भूषण भारती ने की। उन्होंने अपने संबोधन में सनातन संस्कृति के संरक्षण और समाज में आपसी सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सनातन परंपराएं हमारी पहचान हैं और इन्हें आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी हम सभी की है।
कार्यक्रम के अंत में दोपहर 1:30 बजे से भोजन एवं भंडारे की व्यवस्था की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए एक विस्तृत संरक्षक मंडल और आयोजन समिति का गठन किया गया था। कार्यक्रम के संयोजक के रूप में मूलचंद शिरशवाल (एडवोकेट), मनवर सिंह नेगी, वंदना स्वामी, संजय सिंह चौहान, पुष्पा प्रजापति और पूर्व पार्षद विनोद कुमार ने जिम्मेदारी निभाई।

वहीं सह–संयोजक के रूप में बालावाला पार्षद प्रशांत खरोला, पीयूष डंगवाल, विश्वजीत सिंह, अभिषेक मौर्य और आनंद कुमार सहित कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
