
किसानों की समस्याओं पर हुआ मंथन
ऋषिकेश/देहरादून। दून वाणी न्यूज़ के प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा के जिला ऋषिकेश उपाध्यक्ष संजय सिंह चौहान से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान किसानों से जुड़ी विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को लेकर गहन और विस्तृत चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र के किसानों को आ रही जमीनी स्तर की परेशानियों को प्रमुखता से उठाते हुए उनके समाधान हेतु ठोस और प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक में किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य न मिलना, सिंचाई व्यवस्था में आ रही दिक्कतें, बैंक ऋण से संबंधित समस्याएं तथा सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर न मिल पाने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर गंभीर मंथन किया गया। इस पर संजय सिंह चौहान ने आश्वस्त किया कि इन सभी समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे, ताकि किसानों को राहत मिल सके।
इस अवसर पर उत्तराखंड की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। संजय सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता के हितों को सर्वोपरि रखते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से हर वर्ग तक लाभ पहुंचाने का कार्य निरंतर जारी है। उन्होंने आगामी समय में प्रदेश की राजनीति को लेकर भी अपने विचार साझा किए और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने पर जोर दिया।
प्रतिनिधिमंडल में दून वाणी न्यूज़ के संपादक एवं सदस्य — विजय पंवार, योगेंद्र सिंह, विश्वजीत सिंह तथा गिरिजा शंकर मिश्रा जी शामिल रहे।
अंत में दून वाणी न्यूज़ के प्रतिनिधिमंडल ने इस सकारात्मक एवं सार्थक संवाद के लिए आभार व्यक्त किया और विश्वास जताया कि किसानों की समस्याओं का शीघ्र और प्रभावी समाधान किया जाएगा।
