
संपादक: विजय पंवार
देहरादून। सेनानायक, अर्पण यदुवंशी के नेतृत्व में चारधाम यात्रा-2026 की तैयारियों के दृष्टिगत एसडीआरएफ वाहिनी में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संचार व्यवस्था, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, आधुनिक उपकरणों के समुचित उपयोग, पर्याप्त जनशक्ति की तैनाती एवं रणनीतिक स्थानों पर पोस्ट स्थापना जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
इसके अतिरिक्त डॉग स्क्वाड की तैनाती, आपात परिस्थितियों से निपटने हेतु मॉक एक्सरसाइज का आयोजन, श्रद्धालुओं की सुविधा एवं जागरूकता के लिए यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर सूचनात्मक बैनर स्थापित करने पर भी विचार-विमर्श किया गया। साथ ही आवश्यक स्थानों पर पैरामेडिक्स की तैनाती तथा महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला कार्मिकों की तैनाती सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उपसेनानायक शुभांक रतूड़ी, सहायक सेनानायक सुशील रावत एवं संजय उप्रेती, निरीक्षक प्रमोद रावत, अनिरुद्ध भंडारी, जगदम्बा प्रसाद, कवीन्द्र सजवाण, कर्ण सिंह, सुनील सती, आरआई रेडिओ राम गोपाल, उपनिरीक्षक जयपाल राणा एवं विजय रयाल सहित अन्य अधिकारी व कार्मिक उपस्थित रहे।
