Dehradun Crime News: उत्तराखंड की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और देहरादून पुलिस की संयुक्त टीम ने 17 साल से फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी आरोपी शौकत अली को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर वर्ष 2009 में देहरादून के वसंत विहार क्षेत्र में ONGC के महाप्रबंधक के घर हुई हथियारबंद डकैती में शामिल होने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपनी पहचान और ठिकाने बदल रहा था तथा पश्चिम बंगाल में टाइल्स और पत्थर लगाने का काम कर रहा था।
2009 में ONGC महाप्रबंधक के घर हुई थी हथियारबंद डकैती
पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई 2009 को ONGC के महाप्रबंधक नरेंद्र कुमार वर्मा ने वसंत विहार थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि पांच हथियारबंद बदमाश उनके घर में घुस आए थे। आरोपियों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट कर घर में लूटपाट की थी।
शिकायत के आधार पर वसंत विहार थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान राशिद उर्फ राकीब, बबलू, इमरान, समद और शौकत अली के नाम सामने आए थे।
चार आरोपी पहले ही गिरफ्तार, शौकत अली 17 साल से था फरार
पुलिस ने इस मामले में 6 अगस्त 2009 को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि शौकत अली गिरफ्तारी से बचकर फरार हो गया था। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
शौकत अली की गिरफ्तारी पर शुरुआत में 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। लंबे समय तक गिरफ्तारी नहीं होने पर इनामी राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी गई।
ऑपरेशन प्रहार के तहत STF और दून पुलिस की कार्रवाई
वांछित और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत एसटीएफ और देहरादून पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज की।
पुलिस के मुताबिक, मैनुअल पुलिसिंग और विभिन्न सूचनाओं के आधार पर पता चला कि शौकत अली पश्चिम बंगाल के कोलकाता क्षेत्र में अपनी पहचान छिपाकर रह रहा है। वह वहां टाइल्स और पत्थर लगाने का काम कर रहा था।
जानकारी मिलने के बाद एसटीएफ और देहरादून पुलिस की संयुक्त टीम ने पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के थाना भाटपाड़ा क्षेत्र में दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मेरठ से फरार होकर दिल्ली, बिहार और बंगाल में बदले ठिकाने
पुलिस के अनुसार, शौकत अली मेरठ से फरार होने के बाद अलग-अलग राज्यों में ठिकाने बदलता रहा। वह दिल्ली, बिहार और पश्चिम बंगाल में रह चुका था। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने अपनी पहचान छिपाई और पश्चिम बंगाल में मजदूरी का काम करने लगा था।
यूपी और उत्तराखंड में दर्ज हैं 11 मुकदमे
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शौकत अली पुत्र लतीफ (54 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से अहमदनगर, थाना देहली गेट, मेरठ का निवासी बताया गया है।
पुलिस के मुताबिक, शौकत अली के खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं।
उसके आपराधिक रिकॉर्ड में वर्ष 1991 से 2009 तक के मामले दर्ज बताए गए हैं। इनमें मेरठ के अलावा उत्तराखंड के हल्द्वानी और देहरादून में दर्ज मुकदमे भी शामिल हैं।
संयुक्त टीम ने पश्चिम बंगाल में दी दबिश
इस गिरफ्तारी अभियान में एसटीएफ की टीम निरीक्षक अबुल कलाम के नेतृत्व में शामिल रही। वहीं, देहरादून के वसंत विहार थाने से थानाध्यक्ष अमित कुमार शर्मा और अपर उपनिरीक्षक गंभीर सिंह ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।
17 साल पुराने डकैती के मामले में एक लाख रुपये के इनामी आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।
