
देहरादून, 8 जुलाई। हिंदू सुरक्षा सेवा संघ, उत्तराखंड प्रांत के तत्वावधान में मंगलवार को प्राचीन शिव मंदिर, सोडा सरोली, रायपुर एयरपोर्ट रोड, देहरादून में सामूहिक श्री हनुमान चालीसा पाठ का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सनातन धर्मावलंबियों ने सहभागिता कर भगवान श्री हनुमान जी का सामूहिक स्मरण एवं भजन-कीर्तन किया।
संगठन की ओर से जानकारी दी गई कि अब यह सामूहिक श्री हनुमान चालीसा पाठ प्रत्येक मंगलवार नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य समाज में धार्मिक जागरूकता, सांस्कृतिक एकता तथा सनातन मूल्यों को सुदृढ़ करना है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रदेश आईटी प्रमुख विजय पंवार, प्रदेश महामंत्री अमित कोठारी, प्रदेश मंत्री विकास सिंह, जिला मंत्री लकी मटवाण, प्रदेश मंत्री नितिन भण्डारी (प्रदेश मंत्री), कार्यकर्ता सुनील कुमार सहित संगठन के अनेक पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों ने अधिक से अधिक सनातन धर्मावलंबियों से प्रत्येक मंगलवार इस सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक ऊर्जा, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक संरक्षण को बढ़ावा देंगे।
हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन प्रत्येक मंगलवार प्राचीन शिव मंदिर, सोडा सरोली, रायपुर एयरपोर्ट रोड, देहरादून में किया जाएगा, जिसमें सभी श्रद्धालुओं को सपरिवार सहभागी बनने के लिए आमंत्रित किया गया है।
