
देहरादून। उत्तराखंड आयुर्वेद यूनिवर्सिटी में सोमवार को 2021 बैच के छात्रों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने यूनिवर्सिटी प्रशासन और रजिस्ट्रार एस.के. बरनवाल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि यूनिवर्सिटी प्रशासन मनमाने तरीके से कार्य कर रहा है। छात्रों का कहना है कि जहां पाठ्यक्रम के अनुसार परीक्षाएं 18 महीनों में आयोजित होनी चाहिए, वहीं यूनिवर्सिटी उन्हें मात्र 12 महीनों के भीतर ही कराने का प्रयास कर रही है, जिससे छात्रों पर अनावश्यक शैक्षणिक दबाव बन रहा है।
छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि अब तक उनके पिछले परीक्षा परिणाम घोषित नहीं किए गए हैं, जिससे उनकी पढ़ाई और भविष्य दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि अपनी समस्याओं को लेकर वे रजिस्ट्रार एस.के. बरनवाल से मिलने यूनिवर्सिटी पहुंचे थे, लेकिन उन्हें करीब 7 घंटे तक इंतजार कराया गया। इसके बावजूद रजिस्ट्रार छात्रों से मिलने नहीं पहुंचे।
छात्रों का आरोप है कि उनकी बात सुनने के बजाय प्रशासन ने पुलिस को बुलाकर प्रदर्शन समाप्त कराने और छात्रों को वहां से हटाने का प्रयास किया।
फिलहाल छात्रों ने अपनी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
(नोट: यह खबर छात्रों द्वारा लगाए गए आरोपों और उनके दावों पर आधारित है। यूनिवर्सिटी प्रशासन या रजिस्ट्रार का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)
