देहरादून। हर वर्ष 28 मई को विश्व स्तर पर “मासिक धर्म स्वच्छता दिवस” के रूप में मनाया जाता है। इस दिवस का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं इससे जुड़ी भ्रांतियों के प्रति जागरूक करना है।
इसी उपलक्ष्य में चुक्खूवाला क्षेत्र में शांति सेवा ट्रस्ट के संस्थापक (फाउंडर ट्रस्टी) श्री सुरेश थपलियाल एवं अनीता भट्ट (फाउंडर ट्रस्टी) द्वारा एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चियों एवं महिलाओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, सुरक्षित सैनिटरी उत्पादों के उपयोग तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारियां दी गईं।
इस अवसर पर महिलाओं एवं किशोरियों के बीच निःशुल्क सेनेटरी पैड भी वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि आज भी समाज में मासिक धर्म को लेकर कई प्रकार की भ्रांतियां और झिझक मौजूद हैं, जिन्हें जागरूकता के माध्यम से दूर करना आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि मासिक धर्म स्वच्छता दिवस का उद्देश्य हर महिला तक सुरक्षित सैनिटरी उत्पादों की पहुंच सुनिश्चित करना तथा पीरियड्स से जुड़े सामाजिक वर्जनाओं को समाप्त करना है। साथ ही महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश भी दिया गया।
