
संपादक विजय पंवार
देहरादून। नशा मुक्ति और युवा जागरूकता के क्षेत्र में सराहनीय योगदान देने वाले शिक्षाविद् ललित मोहन जोशी को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। उन्हें यह सम्मान दिल्ली में आयोजित सिक्स सिग्मा हेल्थकेयर एक्सीलेंस अवार्ड्स–2026 समारोह में प्रदान किया गया। इस अवसर पर नोएडा के मुख्य एडमिनिस्ट्रेटिव अधिकारी दिनेश के त्रिपाठी ने उन्हें सम्मानित किया।
ललित मोहन जोशी लंबे समय से नशा मुक्ति अभियान और युवाओं को जागरूक करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। वे “सुपर-300 मिशन” के तहत युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के प्रयासों में जुटे हुए हैं। पिछले 15 वर्षों से उत्तराखंड में नशा उन्मूलन, नैतिक शिक्षा और युवा सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनकी सक्रिय भूमिका रही है।
उन्होंने कोशल विकास, मानसिक स्वास्थ्य, नैतिक शिक्षा और सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों पर नियमित रूप से अभियान और कार्यक्रम आयोजित किए हैं। इन पहलों का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखते हुए उन्हें जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनाना है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद ललित मोहन जोशी ने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी नहीं, बल्कि उन सभी युवाओं की है जो समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रयासरत हैं। उन्होंने बताया कि उनका लक्ष्य एक ऐसे समाज का निर्माण करना है, जहां युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, स्वास्थ्य और कौशल के माध्यम से आगे बढ़ सकें।
